समाज के अंतिम व्यक्ति के उत्थान के लिए समर्पित रहा गुरुजी का जीवन : मुख्यमंत्री विष्णु देव साय
भिलाई, दुर्ग। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने दुर्ग जिले के भिलाई-3 स्थित स्वामी आत्मानंद शासकीय विद्यालय में आयोजित श्रद्धांजलि सभा में अहिवारा के दिवंगत विधायक डोमन लाल कोर्सेवाड़ा को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर उनके जनसेवा एवं सामाजिक योगदान को याद किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने अहिवारा स्थित शासकीय महाविद्यालय का नामकरण स्वर्गीय डोमन लाल कोर्सेवाड़ा के नाम पर करने की घोषणा की।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि डोमन लाल कोर्सेवाड़ा का निधन छत्तीसगढ़ के राजनीतिक एवं सामाजिक जीवन के लिए अपूरणीय क्षति है। उनका सरल, सहज, मृदुभाषी और मिलनसार व्यक्तित्व तथा जनसेवा के प्रति समर्पण सदैव स्मरणीय रहेगा। उन्होंने अपना संपूर्ण जीवन समाज की सेवा और वंचित वर्गों के उत्थान के लिए समर्पित किया। विशेष रूप से अनुसूचित जाति समाज के विकास, सामाजिक सशक्तीकरण और क्षेत्र की प्रगति में उनका महत्वपूर्ण योगदान रहा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि क्षेत्र के लोग उन्हें आत्मीयता से ‘गुरुजी’ कहकर संबोधित करते थे। यह संबोधन उनके प्रति समाज के सम्मान और विश्वास का प्रतीक था। उन्होंने अपने व्यवहार और कार्यों से लोगों के दिलों में विशेष स्थान बनाया। सभी वर्गों को साथ लेकर चलने की उनकी भावना और जनसेवा के प्रति निष्ठा आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत बनी रहेगी।
मुख्यमंत्री ने उनसे जुड़ा एक आत्मीय प्रसंग साझा करते हुए बताया कि जब कोर्सेवाड़ा उपचार के लिए हैदराबाद में भर्ती थे, तब उन्होंने स्वयं फोन कर उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली थी। साथ ही स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल को भी हैदराबाद जाकर उनका हालचाल जानने के निर्देश दिए थे। मुख्यमंत्री ने कहा कि सभी को उनके स्वस्थ होकर लौटने की उम्मीद थी, लेकिन उनका निधन अत्यंत पीड़ादायक है।
उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधि के रूप में कोर्सेवाड़ा ने हमेशा क्षेत्र के विकास और आमजन की समस्याओं के समाधान को प्राथमिकता दी। उनकी स्मृतियों और जनसेवा की विरासत को चिरस्थायी बनाने के उद्देश्य से शासकीय महाविद्यालय का नाम उनके नाम पर रखा जाएगा।
जनप्रतिनिधियों ने भी दी श्रद्धांजलि
श्रद्धांजलि सभा में स्कूल शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव, कौशल विकास मंत्री गुरु खुशवंत साहेब, रायपुर सांसद बृजमोहन अग्रवाल और जगदलपुर विधायक किरण देव ने भी स्वर्गीय कोर्सेवाड़ा के व्यक्तित्व एवं कृतित्व को याद करते हुए श्रद्धासुमन अर्पित किए।
इस अवसर पर दुर्ग ग्रामीण विधायक ललित चन्द्राकर, जनपद पंचायत पाटन की अध्यक्ष कीर्ति नायक, कलेक्टर अभिजीत सिंह, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल सहित विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित थे। सभी ने दिवंगत विधायक के योगदान को नमन किया।